फोटो-61: बहादुरगढ़ की वेस्ट जुआं ड्रेन पर अवैध कब्जों को तोड़ती जेसीबी। स्रोत नगर परिषद
- फोटो : Samvad
बहादुरगढ़। नगर परिषद की टीम ने बुधवार को वेस्ट जुआं ड्रेन के किनारे बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। गांव सांखोल की ओर ड्रेन के दोनों किनारों पर और पावर हाउस चौक के पास जेसीबी की मदद से तोड़फोड़ कर अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान करीब 20 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया जिसके चलते पुलिस बल बुलाना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाइनपार थाना एसएचओ को सूचना दी गई। बाद में पता चला कि यह एरिया थाना शहर का है तो मौके पर थाना शहर प्रभारी भी बुलाए गए। थाना शहर प्रभारी के दलबल के साथ पहुंचने पर पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ाया गया।
नगर परिषद के एमई जोगेंद्र सिंधु ने बताया कि लंबे समय से वेस्ट जुआं ड्रेन किनारे अवैध निर्माण हो रहे थे। इसकी शिकायत मिल रही थी। लोगों ने बाथरूम व अन्य निर्माण कर तथा झुग्गी-झोंपड़ी डालकर कब्जा कर रखा था। इसी के चलते जेसीबी की मदद से तोड़फोड़ कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई दोपहर बाद करीब ढाई बजे शुरू हुई और पांच बजे तक चली। इस कार्रवाई में एमई जोगेंद्र सिंधु, भवन निरीक्षक विवेक जैन, एलओ नीरज शर्मा, सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा और शिव कमांडो सहित नगर परिषद की टीम मौजूद रही।
फोटो-61: बहादुरगढ़ की वेस्ट जुआं ड्रेन पर अवैध कब्जों को तोड़ती जेसीबी। स्रोत नगर परिषद- फोटो : Samvad