कोरोना : इस बार नहीं लगेगा नवरात्र में पारंपरिक मेला
खुर्जा। कोरोना वायरस के चलते नगर स्थित नवदुर्गा शक्ति मंदिर की तरफ से नवरात्र पर मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा। यही नहीं इस बार श्रद्धालु मंदिर में माता रानी के दर्शन और पूजा पाठ भी नहीं कर पाएंगे। कोरोना के प्रकोप से बचने के लिए मंदिर कमेटी की तरफ से यह निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं से घर पर ही पूजा अर्चना करने की अपील की गई है।
नवरात्र में नगर स्थित नवदुर्गा शक्ति मंदिर कमेटी की तरफ से हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। इसके लिए 10 दिन पहले से ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं। नवरात्र के पहले दिन से नौवें दिन तक माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। सुबह से लेकर रात तक पूजा पाठ और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। इस बार कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते भीड़ को रोकने के लिए मंदिर कमेटी की ओर से मेले का आयोजन रद्द कर दिया गया है। श्रीनवदुर्गा शक्ति मंदिर कमेटी के आजीवन सचिव डॉ. मोहन लाल ने बताया कि बीते कुछ दिनों में कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने की लगातार खबर आ रही है। इसे देखते हुए मंदिर कमेटी ने आगामी 23 मार्च से भक्तों के लिए मंदिर को बंद रखने का निर्णय लिया है। वायरस का संक्रमण कम होने पर मंदिर को खोल दिया जाएगा। इस दौरान प्रतिवर्ष लगने वाला नवरात्रि मेला भी नहीं लगेगा। माता रानी का दैनिक पूजन और भोग मंदिर के पुजारियों द्वारा नियमित रूप से किया जाता रहेगा। 25 मार्च से नवरात्र मेला शुरू होना था। इसके लिए तैयारियां पूर्ण हो चुकी थीं। मेला नहीं लगने की खबर से दुकानदार और झूला संचालक आदि कारोबारी मायूस हैं।