बिजली के खंभे से नीचे गिरने पर लाइनमैन की मौत, कर्मचारियों ने लगाया जाम
खुर्जा। बाढ़ा गांव मे बिजली के खंभेे से नीचे गिरने पर संविदाकर्मी गांव देवराला निवासी रोहित (23) की मौत हो गई। हादसे के बाद साथी कर्मचारियों ने निगम के अधिकारियों को सूचना दी और अस्पताल में अधिकारियों का इंतजार करने लगे। करीब चार घंटे तक किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने पर कर्मचारियों ने पलड़ा झाल बिजली घर के आगे शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। दो घंटे बाद एसडीएम द्वारा कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम खोला गया।
रोहित पलड़ा झाल बिजलीघर पर पिछले पांच साल से संविदा पर कार्यरत था। साथी विद्युत कर्मी अमित ने बताया कि बाढ़ा गांव में किसी किसान की ओर से नई विद्युत लाइन के लिए आवेदन किया गया था। इसको लेकर बिजलीघर से जेई ने गांव में नई लाइन डालने के लिए सुबह करीब नौ बजे अमित और रोहित को भेजा था। रोहित खंभेे पर ऊपर रस्सी बांधकर सावधानी से चढ़ा था। ऊपर काम करते हुए अचानक झटके से वह नीचे आकर गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। साथी कर्मचारी रोहित को जटिया अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। कर्मचारियों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को हादसे के विषय में अवगत कराया, लेकिन दोपहर एक बजे तक किसी अधिकारी ने इस मामले में संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद संविदा कर्मियों ने जटिया अस्पताल में ही हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस के समझाने पर वह शांत हुए। इसके बाद कर्मचारी और ग्रामीण शव को लेकर लेकर पलड़ा झाल बिजलीघर पहुंचे तथा उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। काफी देर तक किसी अधिकारी के नही पहुंचे। फिर पर ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग को लेकर पहासू-खुर्जा मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम लवी त्रिपाठी और शिकारपुर क्षेत्राधिकारी अनविका उपाध्याय ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया। मुआवजा मिलने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला।
कोट
रोहित के परिजनों को मुआवजा और परिवार के किसी सदस्य को नौकरी के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से कहा जाएगा। जल्द परिजनों की मांग पूरी की जाएगी। - लवी त्रिपाठी, एसडीएम खुर्जा