फरीदाबाद में शुक्रवार को अजरौंदा चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक सूटकेस में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पंहुच गई। टीम ने अपनी जांच में पाया कि सूटकेस के अंदर ज्वलनशील पदार्थ मौजूद है। मामले की गंभीरता को समझते हुए मौके पर एसीपी सेंट्रल महेंद्र वर्मा, सेंट्रल थाना प्रभारी महेंद्र पाठक व सेक्टर 15 ए चौकी प्रभारी विजयपाल मौके पर पंहुचे। बरसात के कारण हाइवे पर हैवी जाम लगा गया था। जाम से जूझना भी पुलिस के लिए चुनोती बन गया।
स्निफर डॉग ने भी अपने इशारे में बताया कि इसमें ज्वलनशील पदार्थ मौजूद है। पुलिस ने अजरौंदा चौक ओर ओल्ड फरीदाबाद की साइड के वाहनों को मौके से करीब दो सौ मीटर दूर रोक दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप के स्टाफ और आस-पास खड़े वाहनों को दूर ले जाया गया।
एसीपी महेंद्र वर्मा ने बताया कि शाम करीब छह बजे दो बाइक सवार युवक एक सूटकेस को रखकर चले गए। इसके बाद जांच टीम बुलाई गई। टीम ने सूटकेस को कब्जे में लेकर उसे ब्लास्ट कर दिया। करीब नौ बजकर बीस मिनट पर टीम ने ब्लास्ट किया। लोगों को सहूलियत और सुरक्षा को देखते हुए उन्हें दूर ही रोक दिया गया था। मामले की पूरी जांच के लिए घटना स्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।