चाहे हिमाचल से संबंध रखने वाले एक पूर्व केंद्रीय मंत्री के घर से करोड़ों रुपये बरामद होने की थीम पर आधारित फिल्म ‘स्पेशल छब्बीस’ हो या भुतहा कहानी पर बन रही ‘एक थी डायन’, इनके निर्माता-निर्देशक अपनी फिल्म को हिट कराने के लिए कुंभ मेले में उमड़ने वाली भीड़ का सहारा ले रहे हैं। एकता कपूर तो अपनी नई फिल्म के हीरो इमरान हाशिमी और हुमा कुरैशी को लेकर मौनी अमावस्या पर प्रयाग जाकर गंगा में डुबकी भी लगाने जा रही हैं।
बॉलीवुड फिल्मों के प्रमोशन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आठ फरवरी को नीरज पांडे निर्देशित फिल्म ‘स्पेशल छब्बीस’ रिलीज करने से पहले अभिनेता अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ कुंभ मेले में पहुंचेंगे। खास बात यह है कि इस बार कुंभ में मौनी अमावस्या पर उमड़ने वाली भीड़ के बीच अलग-अलग तरह से अपनी फिल्म की प्रमोशन का इंतजाम कर रहे हैं निर्माता-निर्देशक।
18 अप्रैल को रिलीज होने वाली एकता कपूर की ‘एक थी डायन’ के निर्देशक विशाल भारद्वाज उस दिन हीरो इमरान हाशिमी और हुमा कुरैशी को लेकर गंगा में डुबकी के साथ अलग-अलग जगह पर प्रोमो भी दिखाने की तैयारी में हैं। दूसरी ओर डांस गुरु प्रभु देवा और रेमो डिसूजा अपनी आने वाली फिल्म ‘एनी बॉडी कैन डांस : एबीसीडी’ के प्रमोशन के लिए कुंभ मेले में जाने की तैयारी में हैं। मेले में उनका कई जगह डांस प्रोग्राम हो सकता है।
कुछ दिन पहले ही रियलटी शो ‘नच बलिए’ की जज और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी कुंभ मेले में पहुंचकर पूजन किया था। हास्य कलाकार राजपाल यादव तो कल्पवास के जरिये फ्रेश होने पहले ही कुंभ पहुंच चुके हैं। कुंभ मेले में लगे एक शिविर में प्रोजेक्टर के जरिए फिल्म के प्रोमो दिखाने का इंतजाम भी किया गया है।
एकता कपूर की ओर से साल की पहली प्रस्तुति को कुंभ जैसे महामेले के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। कुंभ में फिल्म के प्रमोशन से शुभेच्छा का आशीर्वाद भी बालाजी की फिल्म को मिलेगा।
- तनुज गर्ग, सीईओ बालाजी मोशन पिक्चर्स, मुंबई