बहादुरगढ़। आठ साल की बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज होने के बाद से लापता 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव सोमवार को जिले में ही रेल पटरी पर मिला। मौके की जांच और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। अभी कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
जिले के एक गांव में 25 अक्तूबर को आठ साल की बच्ची गाय को रोटी देने के लिए बुजुर्ग के घर गई थी। आरोप है कि उस समय बुजुर्ग घर पर अकेला था। उसने बच्ची को सेब देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। बच्ची घर पहुंची और अपनी मां को घटना के बारे में बताया। इसके बाद मामला सामने आया।
मामले में पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी घर से चला गया था। सोमवार सुबह करीब दस बजे किसी ने जीआरपी को शव पड़े होने की सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। बुजुर्ग ने ट्रेन से कटकर जान दी या ट्रैक के पास से गुजरते समय हादसा हुआ, स्पष्ट नहीं हो सका है।
जीआरपी थाना एसएचओ राजपाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।