संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में गणना अभियान के तहत वोटर से हस्ताक्षर युक्त गणना फार्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुचारू चल रहा है। ऐसे में राजनीतिक दलों के बीएलए और आमजन बीएलओ का सहयोग करें। एसआईआर में सहयोग त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने में कारगर होगा। यह बातें डीसी वर्षा खांगवाल ने कही।
डीसी ने सभी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार झज्जर में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल एजेंटस की बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित करें। मतदाता सूचियों का यह विशेष गहन पुनरीक्षण 14 जुलाई तक जारी रहेगा।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर को होना है। जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने पात्र मतदाताओं का आह्वान किया कि वे स्वयं गणना फार्म बीएलओ को सौंपने के साथ मोहल्ले और आस पड़ोस के नागरिकों को भी गणना फार्म भरने के लिए प्रेरित करें। साथ ही एएसडी वोटरों की पहचान में बीएलओ की सहायता करें।