पीएम आगमन के मद्देनजर कबीरनगर कालोनी में बुधवार को वाराणसी नगर निगम ने गलियों की सफाई का काम तेज कर दिया । जगह-जगह कूडेदान रखे गए है ताकि लोग उसमें कूड़ा फेंक सकें । वहीं मंलगवार से सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है। नगर निगम की ओर से बैनर पोस्टर हटाए जा रहे हैं।
इसी के साथ अतिक्रमण भी हटाने का काम चल रहा था। दूसरी तरफ सफाई का काम भी कर्मचारी कर रहे हैं। यहां आईपीडीएस के तहत भूमिगत तार से बिजली आपूर्ति कार्य का उद्घाटन पीएम करेंगे।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने इसकी शुरुआत अप्रैल में कबीरनगर कॉलोनी से की थी। उन्होंने एक साल में काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा था। एक साल के भीतर ही कबीरनगर का काम पूरा हो गया है। यहां 3300 घरों को बिजली आपूर्ति भूमिगत की जा रही है।
टेस्टिंग का काम भी पूरा हो गया है। इस पूरे कालोनी का अलग फीडर बनाया गया है। जिसका स्विच गेयर दबाकर पीएम विद्युत आपूर्ति चालू करेंगे। कालोनी के लोगों में पीएम आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
जहां-जहां बाक्स लगाए गए हैं वहां पेंटिंग का काम चल रहा है। सड़कों को समतल किया जा रहा है। पुराने कूड़ादान हटाकर नए कूड़ादान रखे जा रहे हैं।