जखेड़ गांव के जंगलों में जानवरों को चराने गए एक बुजुर्ग व्यक्ति पर रीछ ने हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर को चिनैनी के दूरदराज क्षेत्र गांव जखेड़ परनारा के जंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति जंगल में अपने पशु चराने गया हुआ था। वहां अचानक कहीं से रीछ आ गया और उस व्यक्ति पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास से लोग मौके पर पहुंचे तो रीछ भाग गया। इससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को तुरंत जखेड़ के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल शंकरदास (55) जखेड़ का रहने वाला है।