राजस्थान के रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है और बुधवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा। तापमान बढ़ने के साथ ही दोपहर के समय गर्म हवाओं और तेज धूप का असर साफ दिखाई देने लगा है।
दोपहर में सड़कों पर कम दिख रही आवाजाही
गर्मी बढ़ने के कारण लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। शहर की सड़कों पर दोपहर में आवाजाही कम देखने को मिल रही है और कई जगहों पर सन्नाटा पसरा नजर आता है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर पर कपड़ा या गमछा ढककर धूप से बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।
हीट वेव अलर्ट खत्म, बादलों से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग द्वारा जारी दो दिन का हीट वेव अलर्ट अब समाप्त हो गया है। गुरुवार से आसमान में बादल छाने और तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।
18-19 मार्च को हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 और 19 मार्च को बाड़मेर जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी के तेवर कुछ कमजोर पड़ने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें:
जैसलमेर में कमर्शियल गैस सिलिंडरों की कमी, होटल-रेस्तरां कारोबारियों की बढ़ी चिंता
लोगों ने बदली दिनचर्या
तेज गर्मी के चलते लोग जूस, पानी और ठंडे पेय पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। मौसम में बदलाव और बादलों की आवाजाही से आने वाले दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।