17jjrp09- बहादुरगढ़ रोड पर बसा सेक्टर-9। संवाद
झज्जर। शहर के सेक्टर-6 और 9 के निवासियों को जल्द ही प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) दोनों सेक्टरों में पानी का छिड़काव करने के लिए किराये पर एंटी स्मॉग गन और पानी के टैंकर लेगा। इसके लिए प्राधिकरण ने 20 नवंबर तक ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं।
एंटी स्मॉग गन से सेक्टरों में पानी का छिड़काव किया जाएगा, जबकि आंतरिक सड़कों पर धूल रोकने के लिए पांच हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-6 और 9 की आंतरिक सड़कों के रखरखाव पर 3.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद एक माह में काम पूरा करना होगा।
शहर में नगर परिषद की ओर से अपनी एंटी स्मॉग गन से एमसी क्षेत्र में छिड़काव कराया जाता है, लेकिन सेक्टर एचएसवीपी के अधीन होने के कारण वहां यह सुविधा नहीं मिल पाती थी। अब एचएसवीपी ने किराये पर एंटी स्मॉग गन और टैंकर लेने का निर्णय लिया है।
सेक्टर-9 के प्रधान सोमबीर जाखड़ ने कहा कि प्रदूषण के दौरान सेक्टरवासियों को काफी परेशानी होती थी। एचएसवीपी की ओर से एंटी स्मॉग गन और टैंकरों से छिड़काव कराने से लोगों को राहत मिलेगी।