संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। छोटूराम नगर में नवीन चौक के पास आठवीं कक्षा के छात्र सत्यम मिश्रा (16) को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
यह घटना 23 अप्रैल की दोपहर करीब 12:30 बजे हुई थी। पीड़ित सत्यम मिश्रा ने बताया कि वह छोटे भाई शिवम और दोस्त कर्ण के साथ सामान लेने नवीन चौक जा रहा था। इसी दौरान गली में रहने वाले युवक ने रोक लिया और पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना किया तो आरोपी मारपीट करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने चाकू से सत्यम की छाती पर वार कर दिया और भाग गया। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी। कर्ण ने किसी तरह सत्यम को छुड़ाया। उसका भाई शिवम उसे संभालकर घर ले गया। निजी अस्पताल में घायल का इलाज जारी है।
थाना लाइनपार से जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।