बेरी। बेरी के नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से रुपये मांगने के आरोप सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार बेरी निवासी विशाल 25 सितंबर को हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास पैर को दिखाने के लिए गया तो डॉक्टर ने कहा कि ऑपरेशन करना पड़ेगा। डॉक्टर ने मरीज 26 सितंबर को बुला लिया और उसके के पैर का ऑपरेशन कर दिया। मरीज के चाचा संजय का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने उनसे 15 हजार रुपये लिए।
वहीं बेरी निवासी मोहित को 27 सितंबर को पैर में दिक्कत होने के कारण बेरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती हुआ था। जब ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ ने चेक किया तो इसका भी छोटा सा ऑपरेशन करना पड़ेगा। 29 सितंबर को उसका ऑपरेशन किया गया और ऑपरेशन के लिए 3500 रुपये की मांग की गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में मरीजों से कथित तौर पर राशि मांगने को लेकर सवाल उठाए हैं। इस मामले में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राहुल ने कहा कि मरीज के परिजनों की तरफ से जो ऑपरेशन करने के बाद रुपये मांगने के आरोप लगाए गए, वह पूरी तरह से निराधार है। उनकी तरफ से किसी भी मरीज व परिजनों को रुपये की कोई मांग नहीं की गई हैं।
वहीं इस मामले में बेरी नागरिक अस्पताल की कार्यवाहक एसएमओ डॉ. शिल्पा मेहता ने कहा कि यदि परिजनों की तरफ से लिखित में शिकायत दी जाती हैं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी और मामले की पूरी जांच होगी। फिलहाल शिकायत नहीं मिली है।