इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में अब ऑनलाइन मासिक परीक्षाएं नहीं होंगी। इविवि प्रशासन ने मासिक परीक्षाएं निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस बारे में इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षाएं निरस्त किए जाने को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
इविवि प्रशासन ने पिछले दिनों निर्णय लिया था कि विश्वविद्यालय में तीन मासिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मासिक परीक्षाओं की तिथियां भी प्रस्तावित कर दीं थीं। मासिक परीक्षाएं कराने का निर्णय इसलिए लिया गया था कि कोविड के कारण अगर वार्षिक परीक्षाएं नहीं हो पाती हैं तो मासिक परीक्षाओं के अंकों के आधार पर छात्र-छात्राओं को प्रोन्नत किया जा सके।
परीक्षा नियंत्रक की ओर से अब सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों एवं समन्वयकों को पत्र जारी कर कहा गया है कि बीए, बीएससी, बीकॉम, होम साइंस द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की मासिक ऑनलाइन परीक्षाएं निरस्त की जा रही हैं और वार्षिक परीक्षाएं अपने नियत समय पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षा निरस्त किए जाने के बाद अब तमाम तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं।
बुधवार को सोशल मीडिया पर इविवि की एक छात्रा का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने हाथ की नस काटकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी, क्योंकि उसे चिंता सता रही थी कि कक्षाओं में शामिल न हो पाने के कारण वह परीक्षा कैसे देगी। उधर, इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर का कहना है कि अब तक स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की ऑनलाइन कक्षाओं के मद्देनजर मासिक टेस्ट का पैटर्न प्रस्तावित था, ताकि छात्रों का नियमित मूल्यांकन हो सके।
अब इन पाठ्यक्रमों की कक्षाएं 17 दिसंबर से ऑफलाइन शुरू हो जाएंगी और छात्र परिसर में कक्षाओं में आना शुरू कर देंगे। इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन पाठ्यक्रमों में केवल वार्षिक परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है। इविवि में पिछले साल से कम आवेदन इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में प्रवेश के लिए इस बार पिछले साल से कम आवेदन आएं हैं। पिछली बाद 130831 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की थी, लेकिन इस बार तकरीबन एक लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
बृहस्पतिवार को आवेदन का आखिरी दिन था। शाम छह बजे तक 175497 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए थे और इनमें से 97468 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की। हालांकि आवेदनों की संख्या अभी बढ़ेगी। आवेदन की प्रक्रिया आधी रात तक जारी रहेगी। ऐसे में आवेदनों की संख्या एक लाख से ऊपर पहुंचने की उम्मीद है।
सबसे अधिक 82927 ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएफए, बीपीए में प्रवेश के लिए हुए और 56248 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए आवेद की प्रक्रिया पूरी की। वहीं, इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के तहत संचालित यूजी एवं पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 19477 अभ्यर्थियों अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किए और इनमें से 1827 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी की। प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के लिए सबसे कम आवेदन आए हैं।
वहीं, एलएलएम, बीएड, एमएड, एमबीए एमबीएआरडी समेत पीजी के अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 47563 रजिस्ट्रेशन एवं 23704 आवेदन हुए हैं। बीएएलएलबी और एलएलबी में प्रवेश के लिए 25530 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए हैं और इनमें से 15689 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्रों की संख्या निर्धारित की जाएगी। इविवि प्रशासन प्रवेश परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम पहले ही जारी कर चुका है। 18 अक्तूबर से प्रवेश परीक्षा शुरू होने जा रही है।