बहादुरगढ़। सेक्टर-17 स्थित फैक्टरी में आग लगने की घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद एआईयूटीयूसी ट्रेड यूनियन के प्रदेश कमेटी सदस्य सतीश कुमार ने मौके का दौरा कर कर्मचारियों से जानकारी ली।
सतीश कुमार ने कहा कि बहादुरगढ़ की औद्योगिक इकाइयों में लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और श्रम विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई फैक्ट्रियों में सुरक्षा उपकरणों और अग्निशमन व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही है, जिसका खामियाजा मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन न होना मजदूरों की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
उन्होंने प्रशासन से सभी फैक्ट्रियों में विशेष जांच अभियान चलाने और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, वहां कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधन और आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की अपील की।
सतीश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।