प्रदेश के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व फार्मेसी संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) के प्रवेश पत्र शुक्रवार से मिलने शुरू हो गए। प्रवेश पत्र एसईई की वेबसाइट upsee.nic.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। वेबसाइट पर सीधा लिंक न होने से पहले दिन ही विद्यार्थियों को परेशानी हुई।
वेबसाइट के मुख्य पेज पर तो प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सूचना ब्लिंक कर रही थी, लेकिन उसे क्लिक करने पर जो पेज खुल रहा था, उसमें प्रवेश पत्र का कोई उल्लेख नहीं था। वहीं पेपर 4 के प्रवेश पत्र मिलने में दिक्कत हो रही थी, इसकी सूचना एनआईसी अधिकारियों को दी गई। दोपहर बाद यह समस्या दूर हुई।
प्रवेश समन्वयक प्रो. एके कटियार ने कहा कि दूसरे पेज पर विद्यार्थी अपने नामांकन नंबर व पासवर्ड से लॉगिन कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। बता दें, पेपर 1 से 4 तक की ऑफलाइन परीक्षा 29 अप्रैल को देश भर में 158 केंद्रों पर होगी। वहीं 5-6 मई के बीच पेपर 5 से 9 तक की ऑनलाइन परीक्षा प्रस्तावित है। अभी ऑनलाइन परीक्षा के केंद्र तय नहीं हुए हैं।