झज्जर। जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को धूल, धुआं और कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों में कूड़ा जलता मिला तो संबंधित सरपंच की जवाबदेही तय होगी।
विज्ञापन
डीसी ने कहा कि सड़क किनारे धूल वाले क्षेत्रों में नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए। निर्माण स्थलों पर सामग्री को तिरपाल से ढककर रखा जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कचरे का अनुचित निस्तारण करने वालों के चालान भी किए जाएं।
उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान के साथ उन्हें इंपाउंड भी किया जाए। होटल, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तंदूर के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार ईंधन का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने ग्राम पंचायतों को अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने और कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए।