बहादुरगढ़। शहर की सड़कों से गायब सफेद पट्टियों का मुद्दा उठाने के बाद अब इसका असर दिखाई देने लगा है। अमर उजाला के अभियान का असर हुआ है और शहर की सड़कों पर सफेद पट्टी बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इससे वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर रात के समय और धुंध के दौरान सड़क की सही स्थिति का अंदाजा लगाने में सफेद पट्टियां काफी मददगार साबित होती हैं।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने तीन दिन पहले शहर की सड़कों से सफेद पट्टियां गायब होने का मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि सड़कों पर सफेद पट्टियां नहीं होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के अंधेरे और धुंध के मौसम में सड़क की सीमा का अंदाजा नहीं लगने से हादसों का खतरा भी बना हुआ है।
खबर प्रकाशित होने के बाद अब सड़कों पर सफेद पट्टियां बनाने का काम शुरू हो गया है। सेक्टर-6, बामनौली रोड, झज्जर रोड और नजफगढ़ रोड समेत क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी सफेद पट्टियां बनाई जाएंगी। इससे वाहन चालकों को सड़क की लेन और किनारे का अंदाजा लगाने में आसानी होगी।
सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी हैं सफेद पट्टियां
सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में धुंध का असर भी बढ़ेगा। ऐसे में सड़कों पर सफेद पट्टियों का होना बेहद जरूरी है। सफेद पट्टियां वाहन चालकों को दिशा और सड़क की सीमा का संकेत देती हैं। अमर उजाला के अभियान के बाद शुरू हुए इस कार्य से उम्मीद है कि शहर की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।
दिसबंर में होने वाले कोहरे को देखते हुए सभी सड़कों पर सफेद पट्टियां बनाने का काम तीव्र गति से कराया जा रहा है। नजफगढ़ रोड, बामनौली रोड, झज्जर रोड समेत अन्य सड़कों पर सफेद पट्टियां बनाई जा रही हैं।
-राहुल शर्मा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, बहादुरगढ़
-फोटो 84 : सेक्टर-6 में सड़क पर सफेद पट्टी बनाते कर्मचारी। संवाद
-