झज्जर। 15 अगस्त को जिला में स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा। तैयारियों के लिए शुक्रवार को एडीसी जगनिवास ने अधिकारियों की बैठक ली। एडीसी ने देशभक्ति व राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत प्रेरणादायक कार्यक्रमों के चयन पर जोर दिया।
उन्होंने आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला मुख्यालय सहित बहादुरगढ़, बेरी और बादली उपमंडलों में भी भव्य समारोह होंगे। अधिकारियों को मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुंदरीकरण, स्वागत गेट और स्टेज प्रबंधन के निर्देश दिए गए। सराहनीय कार्य करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। 15 अगस्त को जिलाभर में स्थापित शहीद स्मारकों और प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर शहादत को नमन किया जाएगा।