झज्जर। आज के दौर में जहां रिश्ते छोटी-छोटी बातों पर बिखर जाते हैं। वहीं पंकज मलिक और पवन भारद्वाज की 20 वर्षों पुरानी मित्रता सच्ची दोस्ती की जीवंत मिसाल बनी हुई है। वर्ष 2006 में मारुति कंपनी के साक्षात्कार के दौरान शुरू हुई मित्रता आज भी चल रही है।
जीवन में अनेक कठिन दौर आए, लेकिन दोनों मित्र हर परिस्थिति में एक-दूसरे के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे। वर्ष 2022 के कोरोना काल में जब पवन भारद्वाज गंभीर रूप से संक्रमित होकर जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे उसी समय पंकज मलिक के परिवार में भी कोरोना के कारण उनके जीजा का निधन हो गया। पंकज अपने परिवार के इस गहरे दुख के बावजूद अंतिम संस्कार के तुरंत बाद अपने मित्र के पास पहुंचे और पूरे एक सप्ताह तक उनकी सेवा की।
यही सच्ची मित्रता की सबसे बड़ी पहचान है। विवाह के बाद दोनों परिवार वर्षों तक एक ही घर और एक ही रसोई में रहे। बाद में झज्जर के सेक्टर-6 में भी दोनों ने मिलकर घर बनाया। आज अलग-अलग घरों में रहते हुए भी उनके परिवारों का प्रेम, विश्वास और अपनापन पहले जैसा ही है।
साथ मिलकर चला रहे संस्था
पिछले 6 वर्षों से दोनों मित्र नव पंख सोशल वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, जरूरतमंद परिवारों को सहायता, मरीजों को उपचार और समाज के वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन दिलाने के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। संस्था में पंकज मलिक संस्थापक और पवन भारद्वाज महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
29jjrp12- पंकज मलिक