सांबा। जिला पुलिस ने सपवाल में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले का कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश जारी है।
एसएसपी के अनुसार 25 जुलाई 2026 को पुलिस पोस्ट सपवाल के माध्यम से थाना सांबा में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता मणि राम शर्मा निवासी सपवाल ने बताया था कि 24 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे उनका बड़ा बेटा चंदन शर्मा पंचायत घर सपवाल के पीछे से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोककर लाठियों और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और कान के पास गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस पोस्ट सपवाल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने रणनीतिक छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा उर्फ सोंगी निवासी सपवाल सांबा (मुख्य साजिशकर्ता) के रूप में हुई है। उसने हमलावरों को किराए पर रखा था तथा जतिन भगत उर्फ गली निवासी रामगढ़, सांबा भी हमले में शामिल आरोपी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राहुल उर्फ नागो सहित दो अन्य आरोपी भी इस वारदात में शामिल हैं। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता रोहित शर्मा की निशानदेही पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा लगाई गई है। वहीं पीड़ित के बयान के आधार पर नकदी छीनने के आरोप में बीएनएस की धारा भी मामले में शामिल की गई है।