चंडीगढ़। शहर के कालेजों में दिसंबर की परीक्षाएं सिर पर हैं, लेकिन कालेज शिक्षक और नॉन टीचिंग स्टाफ ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वीरवार को शहर के सात ऐडिड कालेजों में दो घंटे तक टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ ने धरना दिया। इसके चलते कालेजों में कक्षाएं नहीं लगीं। वहीं शुक्रवार से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पंजाब एंड चंडीगढ़ कालेज टीचर्स यूनियन (पीसीसीटीयू) की ओर से शहर के सात ऐडिड कालेजों सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज, सेक्टर-26 स्थिथ गुरु गोबिंद सिंह कालेज, सेक्टर-26 गुरु गोबिंद सिंह कालेज फॉर वुमन, सेक्टर-32 स्थित एसडी कालेज, सेक्टर-45 स्थित देव समाज कालेज फॉर वुमन, सेक्टर-36 स्थित देव समाज कालेज, सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कालेज के टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कालेजों में दो घंटे तक काम बंद रखा। इस दौरान दोपहर 11 से 1 बजे तक कालेजों में कोई भी क्लास नहीं लगी। ऐस में विद्यार्थी भी दोस्तों के साथ धूप सेंकते और कैंटीन में चाय की चुस्कियां लेते नजर आए। को-कनवीनर इकबाल प्रीत कौर ने बताया कि ऐडिड कालेजों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने मिलकर बंद का आह्वान किया था। टीचिंग एसोसिएशन के को-प्रेसिडेंट और सेक्टर-26 गुरु गोबिंद सिंह कालेज के प्रो. पीएस गिल ने कहा कि विरोध प्रदर्शन ग्रेचुअटी और पेंशन स्कीम को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
बॉक्स के लिए
आज से क्रमिक भूख हड़ताल
प्राइवेट और एडिड कालेज के टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टॉफ ने 23 नवंबर से 26 नवंबर तक क्रमिक भूख हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। पीसीसीटीयू के नेता जेआर परशाद ने कहा कि शुक्रवार से सेक्टर-17 डीपीआई कालेज के सामने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। हर रोज 11 लोग शामिल होंगे जिसमें 5 शिक्षक , 4 नॉन टीचिंग और 2 रिटायर्ड शिक्षक शामिल होंगे।