चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की ओर से खरीदी जाने वालीं 98 नई बसों के डैश बोर्ड अति आधुनिक होंगे। चाबी लगाते ही ड्राइवर को अपनी बस की ‘सेहत’ के बारे में सारी जानकारियां मिल जाएंगी। इसके तहत इंजन की हालत, ब्रेक, बैटरी, गियर बाक्स, कूलिंग लेवल के अलावा हैड लाइट के बारे में बस स्टार्ट करने के लिए चाबी लगाते ही पता चल जाएगा। नई बसों में पावर स्टीयरिंग के अलावा यूरो फोर इंजन होगा। यह पहले के बीएस फोर इंजन से 35 प्रतिशत कम प्रदूषण वाला होगा। सीटीयू 25 लो फ्लोर एसी, 50 नॉन एसी और 23 मिनी एसी बसें खरीदेगा। लो फ्लोर एसी बसों की कीमत 65 से 85 लाख रुपये है। नॉन एसी बसें 38 से 48 लाख और मिनी एसी बस की कीमत 17 से 19 लाख रुपये तक है। सेेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स के तहत ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया से अप्रूवड बसें ही खरीदी जाएंगी। सीटीयू प्रबंधन ने इसके लिए वोल्वो, आइसर, कोरोना, मर्सडीज, टाटा और अशोक लीलेंड से बात शुरू कर दी है।
कोट ....
कंडम बसों की जगह 98 बसें खरीदी जानी हैं। इसका टेंडर प्रोसेस में है। जल्द ही टेंडर निकाल दिया जाएगा। जो कंपनी सही होगी, उससे बसें खरीदी जाएंगी।
- एसपी परमार, महाप्रबंधक, चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू)।
..............................................
डॉ. वीपी गुप्ता का निधन
चंडीगढ़। शहर के सबसे पुराने डॉक्टरों में शामिल डॉ. वीपी गुप्ता का सोमवार को निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। पिछले 55 सालों से मेडिकल प्रैक्टिस कर रहे डॉ.गुप्ता अपने मरीजों के बीच काफी लोकप्रिय थे। वह आईएमए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रहे। डॉ. गुप्ता कई समाज सेवी संस्थाओं से भी जुड़े थे। वह भारत विकास परिषद, लायंस क्लब के अध्यक्ष और रेड क्रास सोसाइटी के उपाध्यक्ष भी रहे। वह उर्दू में कविताएं भी लिखते थे। आईएमए ने डॉ.गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।