चंडीगढ़। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए प्रचार करने सिटी ब्यूटीफुल आए यूपीए के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी का कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने एयरपोर्ट पर बेसब्री से इंतजार किया। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के नेता आधा घंटा पहले ही एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। जैसे से प्रणब दा हवाई जहाज से उतरे तो इंतजार कर रहे नेताओं के चेहरे खिल गए। कुछ बड़े नेताओं को छोड़कर चंडीगढ़ के कई नेता उन्हें अपना परिचय देने में लगे रहे।
एयरपोर्ट पर हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पंजाब के विपक्षी दल के नेता सुनील जाखड़, अंबाला से विधायक विनोद शर्मा, बीके हरि प्रसाद, जीसी चाढ़क, राणा गुरजीत सिंह के अलावा कांग्रेस के स्थानीय अध्यक्ष बीबी बहल और मेयर राजबाला मलिक सहित अन्य ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रणब मुखर्जी के साथ राजीव शुक्ला और नारायण स्वामी आए।
सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। इसके बाद नेताओं में गुलदस्ता देने की होड़ लग गई। नेताओं ने प्रणब को चाराें तरफ से घेर लिया और वे पार्किंग तक ऐसे ही आए। चंद नेताओं को छोड़कर हर कोई अपना नाम दादा को बताकर गुलदस्ता देता दिखाई दिया। यहां पर करीब 60 से ज्यादा हरियाणा, पंजाब और यूटी के नेता आए हुए थे। चंडीगढ़ निगम के सीनियर डिप्टी मेयर दर्शन गर्ग, डिप्टी मेयर सतीश कैंथ, पूर्व मेयर रविंद्र सिंह पाली, मुकेश बस्सी, सुभाष चावला, सतप्रकाश अग्रवाल और डीडी जिंदल आदि भी स्वागत करने में आगे रहे।