पुलिस लाइंस और 25वीं वाहिनी पीएसी में शुक्रवार को बूटों की धमक दिखी। मौका था रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह का। ट्रेनिंग ले रहे 735 रंगरूट सिपाही बन गए। अब ये भी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ न सिर्फ कदम से कदम मिलाएंगे, बल्कि अपराधियों से मोर्चा लेंगे।
लखनऊ रेंज के डीआईजी प्रवीण कुमार ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने सभी का उत्साहवर्धन किया और कहा कि निष्पक्ष ढंग और ईमानदारी के साथ अपने कार्य को अंजाम दे। ऐसे कोशिश करें कि उनके कार्य में कोई अंगुली न उठा सके। नौकरी में दिक्कतें जरूर आती हैं, लेकिन ईमानदारी से अच्छे कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों पर कोई दाग नहीं लगता।
सुबह सात बजे पुलिस लाइंस मैदान में रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2017 हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी प्रवीण कुमार की मौजूदगी में उन्नाव, बाराबंकी, आजमगढ़, इलाहाबाद, कौशांबी जिले के यहां ट्रेनिंग ले रहे 344 नए रंगरूटों की परेड कराई गई।
मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली। इसी के साथ ही 344 नए रंगरूट सिपाही बन गए, जो अब थानों में तैनात होकर आम जनता की समस्याओं को दूर कराने के साथ अपराधियों से दो-दो हाथ करेंगे। डीआईजी ने कहा कि सभी मेहनत से कार्य करें। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दें।
डीएम अनुज कुमार झा और एसपी अब्दुल हमीद ने भी सभी का उत्साह वर्धन किया। डीएम ने कहा कि सभी मेहनत व लगन से अपने कार्यों पर खरें उतरे। एसपी ने कहा कि नए रंगरूट अब सिपाही बन गए हैं। इन्हें अब थानों पर तैनात किया जाएगा, जिससे वे भी अपराधियों से मोर्चा लेंगे।
इस मौके पर एएसपी वीरेंद्रय यादव, सीओ पुलिस लाइंस चरन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजवीर सिंह गौर, सीओ डलमऊ एसपी उपाध्याय मौजूद रहे। इसी तरह 25वीं वाहिनी पीएसी स्थित मैदान में दीक्षांत परेड समारोह हुआ। यहां पर भी मुख्य अतिथि डीआईजी प्रवीण कुमार ने परेड की सलामी ली। 391 नए रंगरूट परेड शामिल हुए।
सभी को पास आउट हो गए। इसी के साथ अब 391 रंगरूट सिपाही बन गए। डीआईजी ने कहा कि सभी अपने कार्यों को बखूबी निभाएं। ऐसा कोई कार्य न करें कि उनके कार्य पर अंगुली उठे। कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, प्रतापगढ़ जिले के रंगरूट सिपाही बने।
25वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय ने भी सभी का उत्साहवर्धन किया और अच्छे कार्य करने की सीख दी। इस मौके पर उप सेनानायक बृजेश कुमार गौतम आदि अफसर मौजूद रहे।