-फोटो 54 : दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में मौजूद बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप के धावक। स्रोत ग्रुप
बहादुरगढ़। नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित बजाज प्लैंकाथॉन-2026 में बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप ने 200 से अधिक धावकों की भागीदारी के साथ ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज कराई। समूह की इस उल्लेखनीय भागीदारी ने बहादुरगढ़ के साथ-साथ पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ाया।
ग्रुप के संस्थापक दीपक छिल्लर ने बताया कि बजाज समूह की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा कैंसर, हृदय रोग एवं टाइप-1 डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों के उपचार में सहयोग जुटाना था। देशभर से हजारों लोगों ने इस फिटनेस एवं सामाजिक अभियान में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए आयोजित एक मिनट का सामूहिक सिंक्रोनाइज्ड प्लैंक रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने एक साथ प्लैंक कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया। बीआरजी के सदस्यों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और टीम भावना के साथ इसमें भाग लिया।
इस अवसर पर परवीन सांगवान, अजय कंडोल, धर्मवीर, राजेश सोनपाल, संतोष बंसल, विजय दहिया, सागर ओहल्याण, वैभव तनेजा, प्रीति, विशाल रैना, सुधीर तेवतिया, अभिषेक शर्मा, हिमांशी, रविंद्र दहिया सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया।
-फोटो 54 :