झज्जर। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मोना सिंह की विशेष अदालत ने बच्चे के यौन शोषण के मामले में दोषी संदीप को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर कुल 30 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।
जुर्माने की राशि पीड़ित को मुआवजे के रूप में देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के माध्यम से पीड़ित को चार लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया है।
दिल्ली के एक चिल्ड्रेन होम फॉर बॉयज में रहने वाले नाबालिग बच्चे ने काउंसिलिंग के दौरान अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न का खुलासा किया था। बाल कल्याण समिति-9 के निर्देश पर लाजपत नगर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में मामले को आगे की कार्रवाई के लिए झज्जर के साल्हावास थाने में स्थानांतरित कर दिया गया।
पीड़ित बच्चा 25 दिसंबर 2021 से चिल्ड्रेन होम में रह रहा था। काउंसिलिंग रिपोर्ट के अनुसार बच्चे ने काउंसलर को बताया था कि उसके घर के पास रहने वाले संदीप ने उसके साथ कई बार यौन उत्पीड़न किया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और अदालत में अभियोग चलाया गया।
अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 377 के तहत दोषी को 10 साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं भरने पर एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। वहीं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल का कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर छह माह की अतिरिक्त सजा होगी।
जिला न्यायवादी डॉ. अनुज दहिया ने बताया कि बच्चों से जुड़े यौन अपराधों के मामलों में अदालत में प्रभावी पैरवी की जाती है ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।श दिए हैं।