बृजमनगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में अवैध रूप से आतिशबाजी व विस्फोटक पटाखे बेचने के आरोप में पुलिस ने एक जनरल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन बोरियों में लगभग 14 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है।
सोमवार को उप निरीक्षक गजेन्द्र प्रताप सिंह व अर्चना यादव समेत पुलिसकर्मी जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड-7 स्वतंत्रता सेनानी नगर में नगर पंचायत कार्यालय के पास एक व्यक्ति अपने जनरल स्टोर की दुकान के सामने अवैध आतिशबाजी व पटाखे बेच रहा है। पुलिस पहुंची तो दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम शुभम कुमार कसौधन निवासी स्वतंत्रता सेनानी नगर बताया।
दुकान के सामने प्लास्टिक की तीन बोरियों और तख्त पर भिन्न-भिन्न प्रकार के ब्रांड व देसी आतिशबाजी व विस्फोटक पटाखे रखे मिले। पूछताछ में उसने बताया कि दिवाली के त्योहार पर बिक्री के लिए लाया था। लाइसेंस मांगने पर नहीं प्रस्तुत कर सका। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर बरामद विस्फोटक सामग्री को सील कर जब्त किया।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि 14 किलो विस्फोटक सामग्री के साथ स्वतंत्रता सेनानी नगर निवासी शुभम कसौधन को गिरफ्तार किया गया। अग्निशमन विभाग को विस्फोटक सामग्री के निस्तारण के संबंध में अवगत कराया जाएगा।