पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को प्रदेश सरकार की ओर से थाली और गिलास दिए गए। ये बर्तन मध्याह्न भोजन योजना के तहत खरीदे गए हैं। शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों ने समारोह में बाकायदा इन बर्तनों का वितरण किया।
पडरौना नगर के जूनियर हाईस्कूल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी एवं सपा के जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा कि सपा सरकार हर उम्र के लोगों के भविष्य को लेकर फिक्रमंद है। इस बार धनतेरस के अवसर पर राज्य सरकार ने परिषदीय विद्यालयाें के बच्चों को थाली-गिलास वितरित कराने का निर्णय लिया और उसे पूरा भी करा रही है।
डीएम शम्भु कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से जनहित में जारी सभी योजनाओं को पूर्णतया लागू कराया जाएगा। फिर वह थाली-गिलास वितरित करना हो अथवा मध्याह्न भोजन मीनू के अनुसार बनवाना हो। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन की ओर से सरकार की मंशा को शत प्रतिशत पूरा कराया जाएगा।
इस मौके पर बीएसए पन्नाराम गुप्ता, बीईओ अजय तिवारी, सपा नेता नथुनी कुशवाहा, इकबाल सहित कई अध्यापक और अन्य लोग मौजूद थे।
उधर, जनपद मुख्यालय रवींद्रनगर स्थित जूनियर हाईस्कूल में भी समारोह के दौरान बच्चों को थाली और गिलास का वितरण हुआ। मौजूद बच्चों और शिक्षकों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश राणा ने कहा कि सपा सरकार ने जितनी योजनाएं अपने इस कार्यकाल में संचालित की हैं, उतना अन्य दल की किसी सरकार ने नहीं किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित हर क्षेत्र में सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए योजनाएं चलाई हैं। इस समारोह में एडीएम कृष्णलाल तिवारी सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी और शिक्षक मौजूद थे।