सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदरी बैराज के पास पेड़ में फांसी लगाकर युवक आयुष कुमार प्रजापति (22) ने आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या किस वजह से की है पता नहीं चल पाया है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक के पिता दिनेश प्रजापति ने बताया, 'युवक आयुष कुमार प्रजापति शराब पिया करता था। शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे घर से बिना बताए चला गया, जिसके बाद शाम करीबन पांच बजे आयुष ने अपने फोन से मेरे मोबाइल पर फोन लगाया और कहने लगा कि मैं कुदरी बैराज घूमने आया हूं। मेरा मूड अपसेट है, मेरे फोन में बैटरी नहीं है। मोबाइल बंद होने पर फोन नहीं लगने की बात कही और फोन रख दिया।'
दिनेश ने बताया कि, 'इसके बाद मैंने भी फोन नहीं लगाया रात तक आ जाएगा सोचकर अपने काम में लगा रहा। वहीं, कुछ समय करीबन साढ़े पांच बजे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि आयुष ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर परिवार के साथ खोजबीन करने कुदरी बैराज चला गया। वहीं, देखा कि आयुष पेड़ में गमछे से फांसी पर लटका हुआ था।'
सिटी कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी सूचना मिलने पर कुदरी बैराज घटनास्थल पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। रात में निरीक्षण करने के बाद शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया। शनिवार को शव का पंचनामा कार्यवाही कर पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। युवक ने किस कारण से आत्महत्या की यह जांच के बाद पता चल पाएगा।