केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टूडू ने की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बस्तर को भेदने रणनीतिक रुप से बड़ी तैयारियां कर रही है। जिसके लिये केंद्रीय मंत्रियों का लगातार बस्तर प्रवास हो रहा है। शनिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू दो दिनी बस्तर प्रवास पर पहुंचे और सिलसिलेवार जिला व तीनों विधानसभाओं की कोर कमेटी की बैठकें लीं। विश्वेश्वर टुडू रविवार को लौट गये।
शनिवार की शाम नियमित विमान से जगदलपुर पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टूडू ने भाजपा जिला कार्यालय में पहले जिला कोर कमेटी की बैठक ली, उसके बाद देर शाम तक चित्रकोट विधानसभा कोर कमेटी की बैठक लेकर विचार मंथन किया। रविवार की सुबह जिला कार्यालय में जगदलपुर विधानसभा व बस्तर विधानसभा कोर कमेटी की निरंतर बैठकें हुईं, जिसमें विश्वेश्वर टूडू ने चुनावी रणनीति बनाने पदाधिकारियों से रायशुमारी की और विधानसभा चुनाव में संपूर्ण ताकत से मैदान में उतरने व बस्तर में सभी सीटों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने कहा। केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टूडू ने जाने से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर आवश्यक निर्देश भी दिये है।