बिर्रा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मकान के अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, डिजिटल कैमरा और 40 हजार नकदी समेत करीब छह लाख रुपये का माल चोरी किया है। पूरा परिवार एक साथ तीर्थ यात्रा पर गया था। वहीं, बिर्रा थाना पुलिस ने चोरी माल की कीमत महज एक लाख रुपये ही आंकी है।
जानकारी अनुसार, सेमरिया गांव निवासी कृष्ण कुमार कश्यप शासकीय हाई स्कूल के व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। वह अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए थे। मकान में ताला लगा हुआ था और मकान पूरा सुना था। चोरों ने फायदा उठाते हुए मकान का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गांव के कुछ लोगों ने घर की स्थिति देखकर कृष्ण कुमार कश्यप को फोन पर इसकी जानकारी दी।
तीर्थ यात्रा से वापस आने पर कृष्ण कुमार ने सामान का मिलान किया। तब पता चला की सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार नकद नहीं है। किसी ने चोरी कर लिए हैं। उन्होंने मामले की सूचना बिर्रा पुलिस को भी दी। पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में खास बात यही है की बिर्रा पुलिस में चोरी गए माल की कीमत सिर्फ एक लाख रुपये ही आंकी है। वहीं, कृष्ण कुमार कश्यप का कहना है कि छह लाख से अधिक रुपये के सामानों की चोरी की गई है।
कोरबा में चोरी
कोरबा जिले में सीएसईबी कॉलोनी में एनसी 59 नंबर के सूने मकान में धावा बोलकर चोरों ने कीमती सामानों की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए हैं, जिनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
पड़ोसियों के मुताबिक, रात में ताला लगा हुआ था। सुबह उठने पर घर का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल 112 को दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी का ताला तोड़ा लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी रकम पार कर दिए। इसके अलावा बेडरूम में रखे बेड को भी तोड़ा और उसमें रखा सामान चोरी कर लिया।