रायगढ़ जिले में 24 सितंबर को ससुराल में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने के मामले का खुलासा करते पुलिस ने मृतक के ससुर रामस्वरूप सारथी, देवनंदन राठिया और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी से मारपीट करने की रंजिश के चलते मृतक के ससुर ने ही योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से धारदार टांगी के अलावा डंडा जब्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक बलराम सारथी 28 साल निवासी गाला पत्थलगांव का अपनी पत्नी हेमलता सारथी से विवाद चल रहा था। परिजनों ने हेमलता को उसके बच्चों सहित मायके बरपाली ले आये। इसी बीच बलराम भी 21 सितंबर को ससुराल पहुंच गया। 24 सितंबर को गांव में हड़कंप मच गया जब बरपाली निवासी पंचराम राठिया के घर की परछी में बलराम लहूलुहान हालत में मृत पाया गया। अज्ञात आरोपियों द्वारा सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। घटना को लेकर मर्ग धारा 103(1) बी.एन.एस. कायम कर जांच में लिया गया।
मृतक के ससुर पर हुआ संदेह
हत्या के वारदात को सुलझाने के लिये एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन और थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में घरघोड़ा पुलिस की टीम गठित की। गवाहों से पूछताछ और फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की जांच में मृतक के ससुर रामस्वरूप पर शक की पुष्टि हुई।
घर बुलाकर कर दी हत्या
संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि रामस्वरूप ने अपनी बेटी से मारपीट करने की रंजिश के चलते योजना बनाकर हत्या करवाई। उसने देवनंदन राठिया और नाबालिग को साथ लेकर बलराम को घर बुलाया और डंडा व टांगी से हमला कर उसकी जान ले ली। बाद में साक्ष्य छिपाने की इरादे से आरोपियों ने खून के धब्बे भी धोने का प्रयास किया था।
हत्या में प्रयुक्त टांगी और डंडा बरामद
आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने टांगी और बांस का डंडा बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 49, 238, 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। मुख्य आरोपी रामस्वरूप सारथी और देवनंदन राठिया को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड उपरांत जेल भेजा गया है, वहीं नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
हत्या के आरोप में पकड़े गए आरोपी
(1) रामस्वरूप सारथी पिता स्व. मदन सारथी उम्र 56 वर्ष
(2) देवनंदन राठिया पिता पंचराम राठिया उम्र 21 वर्ष
(3) विधि के साथ संघर्षरत बालक