रायगढ़ में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही से बाइक सवार को टक्कर मार दी। ट्रेलर चालक की लापरवाही से यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस जांच में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के बीएस प्लांट गेट के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही से चलते हुए बाइक सवार ग्रामीण सोनु चैहान (32 वर्ष) को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, सोनु चैहान अपने एक साथी के साथ किसी काम से खरसिया गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने साथी को सिंघल प्लांट के पास छोड़ा और खुद गेरवानी-गौरमुड़ी स्थित आश्रम की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान ट्रेलर चालक की लापरवाही से यह भीषण हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आज परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से सड़क हादसों की गंभीर समस्या को उजागर करती है।