छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार की दोपहर तार में सुखाए गए कपड़ो को उतारने पहुंची एक लड़की की आकाशीय गाज गिरने से मौत हो गई। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दुर्गापुर में रविवार की दोपहर मनीषा मंडल पिता निमाई मंडल 15 साल अपने घर में ही थी।
इस दौरान अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ा और गरज चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बालिका तार में सुखाये हुए कपड़ों को लेने ही पहुंची ही थी कि आकासीय गाज गिरने से बालिका इसकी चपेट में आकर मूर्छित होकर जमीन में गिर गई। बालिका को अचेत अवस्था में देखते हुए परिजनों के द्वारा आनन-फानन में उसे धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मौजूद चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में ही बालिका का मृत घोषित कर दिया। अचानक घटी इस घटना के बाद बालिका की मौत हो जाने के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। बहरहाल आकासीय गाज की चपेट में बालिका की मौत हो जाने के बाद धरमजयगढ़ पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
घर के बाहर बैठी महिला की भी हुई मौत
रायगढ़ में रविवार की शाम गाज गिरने की घटना एक और महिला की मौत हो जाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में जानकारी देते हुए धरमजयगढ़ थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लक्ष्मीपुर गांव में रविवार की शाम घर के बाहर बैठी एक महिला बुधनी मिंज 50 साल की भी मौत हो गई है।