छत्तीसगढ़ में 23 जून को टेट एग्जाम शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। वहीं, धमतरी में ओएमआर सीट एक घंटा लेट मिलने से अभ्यथिर्यों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। साथ ही अभ्यर्थी प्रश्नपत्र लेट मिलने पर बोनस अंक देने की मांग कर रहे हैं।
मामला जिले के भखारा स्थित शासकीय कॉलेज सिहाद का है। इस सेंटर पर 400 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। टेट एग्जाम दो पालियों में संपन्न हुआ। सिहाद कॉलेज के अभ्यर्थियों का कहना है कि दूसरी पाली के परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र दो बजे मिलना था, लेकिन उन्हें एक घंटा लेट से प्रश्नपत्र दिया गया। ऐसे में वे सभी प्रश्नों को हल नहीं कर पाए, जिसको लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। बहरहाल कॉलेज के प्राचार्य का कहना है कि व्यापम से बात करने के बाद भी अतरिक्त समय दिया गया।