छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव होने में महज ढाई महीने ही शेष बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस की बड़ी चुनावी सभाएं होने वाली हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। वो भिलाई में बड़ी चुनावी सभा करेंगी। यहां पर आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में शिरकत करेंगी। प्रदेश की 98 लाख से ज्यादा महिला वोटर्स को साधेंगी।
वो भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में क्षेत्रवासियों को 309 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपए के 186 विकास कार्यों की सौगात देंगी। इन विकास कार्यों में 241 करोड़ 59 लाख रूपए की लागत के 123 कार्यों का भूमिपूजन 67 करोड़ 97 लाख रुपए की लागत के 63 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
प्रियंका गांधी की सभा भिलाई में ही क्यों?
सबसे बड़ा सवाल ये है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की चुनावी सभा दुर्ग जिले के भिलाई में ही क्यों कराई जा रही है? इसके पीछे भी बड़ा राजनीतिक उद्देश्य और दूरदर्शी योजना है। प्रदेश का दुर्ग जिला वीआईपी सीटों का गढ़ है। यहां से सीएम भूपेश बघेल सहित 5 मंत्रियों का गृह जिला दुर्ग है। इसमें दुर्ग संभाग को भी जोड़ दिया जाए, तो 6 दिग्गज नेताओं संख्या हो जाती है। क्योंकि दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा से सीएम भूपेश बघेल, दुर्ग-ग्रामीण से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा से कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, कवर्धा से वन मंत्री मोहम्मद अकबर, अहिवारा से पीएचई मंत्री रुद्र कुमार गुरु और डौंडीलोहारा से महिला एवं बाल विका मंत्री अनिला भेड़िया शामिल हैं।
भिलाई में प्रियंका की रैली कराकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने बनाने का प्रयास किया जाएगा। दुर्ग संभाग में विधानसभा की कुल 20 सीटें है। इनमें से 18 सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। यही वजह है भिलाई में ही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा कराई जा रही है।
महिला वोटर्स को लेकर कर सकती हैं बड़ा एलान
कांग्रेस भिलाई के जयंती स्टेडियम में महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन करेगी। यहां पर करीब डेढ़ लाख से ज्यादा महिलाओं की भीड़ जुटाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए कांग्रेस के सीनियर और जूनियर नेताओं को भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है। इस बार के विधानसभा चुनाव पुरुषों के मुकाबले में महिला वोटर्स की संख्या ज्यादा है। इस वजह से महिला मतदाता पर कांग्रेस की नजर है। इसी को ध्यान में रखकर भिलाई में महिला समृद्धि सम्मेलन कराया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की घोषणा पत्र जारी होने से पूर्व प्रियंका गांधी भिलाई में महिला वोटर्स को लेकर बड़ा एलान भी कर सकती हैं।
फैक्ट फाइल
- कुल मतदाता: 1.97 करोड़
- पुरुष मतदाता: 98.2 लाख
- महिला मतदाता: 98.5 लाख
- दिव्यांग: 1.47 लाख
- थर्ड जेंडर: 762