बस्तर पुलिस ने शहर से सटे पहुरबेल में दिन दहाड़े हुए चोरी की घटना को सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने दो शातिर युवकों के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात नगदी और अवैध तमंचे बरामद किये हैं। पकड़े गए चोर बेहद शातिर किस्म के हैं, जो शहद व सिंदूर बेचने के बहाने घरों में नजर रखते हैं और मौका मिलते ही चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
बस्तर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि वीरेंद्र कुमार पांडेय तहरीर में बताया कि वह अपने परिजनों के यहां शोक में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटकर वह जब दोपहर को घर पहुंचा तो देखा कि दोनों दरवाजों पर लगे ताले टूटे हुए हैं और घर की आलमारी को तोड़कर कोई अज्ञात चोर नकदी रकम और सोने-चांदी के आभूषणों व मोबाइल फोन को चोरी कर ले गया है। इसके बाद भनपुरी एसडीओपी घनश्याम कामड़े ने एक टीम बनाकर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी से कुछ क्लू मिला।
इसके बाद पुलिस टीम ने पापड़ाहंदी ओड़िसा निवासी प्रताप जानी, चैतू जानी और सरस्वती जानी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये सभी ओडिशा के पापड़ाहांडी में रहते हैं। ये सभी एक ही परिवार के हैं और ये शहद और सिंदूर बेचने के लिए शहरों में घूमते हैं। पांच जनवरी को तीनों लोग छतीसगढ़ जाकर सूने मकान में चोरी की योजना बनाई।
आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने छह मोबाइल, एक देशी कट्टा, एक कारतूस, नौ बुलेट, चार सोने का गेहूं दाना, एक सोने का लॉकेट, एक सोने की अंगूठी, तीन चांदी के पायल, एक चांदी का बाजुबंध, एक चांदी का करधन, दो बाइकों को जब्त किया है। आरोपियों ने चोरी किये गये नगदी रकम को अपने खाने पीने व घर गृहस्थी के काम में खर्च कर दिये। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।