सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में फेसबुक से दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया के जरिए लड़की से बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे वे एक-दूसरे के दोस्त बन गए। इसके बाद युवक ने लड़की को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के बाद युवक लड़की को ब्लैकमेल करने लगा और उससे रुपये मांगने लगा।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विकास चंद्रा के नाम से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे लड़की ने एक्सेप्ट कर लिया। फेसबुक कुछ दिन बात करने के बाद दोनों ने एक-दूसरे का फोन नंबर ले लिया और कॉल व व्हाट्सएप पर बात करनी शुरू कर दी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदलने लगी और एक दिन युवक ने लड़की को मिलने के बुलाया, लेकिन लड़की ने मिलने से मना कर दिया।
लड़की के मना करने के बाद युवक ने चैट, वीडियो और कॉल रिकार्डिंग वायरल करने की धमकी देते हुए 60 हजार रुपये की मांग की। पीड़िता ने कहीं से तीन हजार रुपये जुटाकर उसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी 57 हजार रुपये की मांग कर रहा था। हालांकि पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर से लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को किरोडिमल नगर थाना कोतरा रोड जिला रायगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।