छत्तीसगढ़ में लगातार ट्रेनें रद्द और देरी से चलने को लेकर सांसदों ने नाराजगी जाहिर की है। दरअसल, रायपुर रेल मंडल में आज बुधवार को सांसदों की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अधिकारियों और सांसदों ने रेलवे विकास के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्णय लिया गया। यह बैठक रेल व्यवस्था और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर हुआ है। इसमें रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसद और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में सभी सांसदों ने प्रदेश में लगातार ट्रेनें रद्द होने और देरी से चलने को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
इस बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, राज्यसभा सांसद रंजीता रंजन समेत आदि शामिल हुए थे। उन्होंने अपने-अपने सांसदीय क्षेत्रों को लेकर मांगें रखी। रेलवे अधिकारियों की ओर से सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि संसद सदस्यों और जोन मंडल अधिकारियों के बीच यह 18वीं वार्षिक बैठक थी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनता से जुड़े सुझावों और समस्याओं का समाधान निकालना है। रेलवे विकास के लिए आवश्यक प्रस्तावों को तैयार कर आगे भेजा जाएगा, जिससे भविष्य में रेल सुविधाओं में और सुधार किया जा सके।
बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ट्रेनों की लेटलतीफी दूर करने और रद्द ट्रेनों को जल्द से जल्द बहाल करने कहा है। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने बैठक में कहा कि हमारी प्राथमिक चिंता रेल सुविधाएं आम जनता तक कैसे सुविधाजनक और समय पर पहुंचें। बस्तर और उत्तर वनांचल क्षेत्रों में रेल सुविधाएं विस्तार पर भी चर्चा की। इसके साथ ही सभी सांसदों ने अपने क्षेत्रों में रेल को लेकर अन्य चर्चा की।