कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दो दिवसीय प्रवास पर गुरुवार की रात रायपुर पहुंचे। इस दौरान रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्य के मुखिया भूपेश बघेल ने उनकी अगवानी की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। सभी ने खड़गे का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वो नवा रायपुर के होटल मेफेयर के लिए रवाना हो गए। वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। दूसरे दिन 8 सितंबर को राजनांदगांव के ग्राम ठेकवा में दोपहर 12.30 बजे खड़गे की चुनावी सभा होगी। यहां पर वो भरोसे का सम्मेलन को संबोधित करेंगे। खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है।
सबसे अहम और खास बात ये है कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के सामने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट रखी जाएगी। खड़गे की हरी झंडी मिलने के बाद उसे स्क्रीनिंग कमेटी के बाद भेजी जाएगी। फिर यहां से एआईसीसी के पास जाएगी। केंद्रीय चुनाव समिति के अनुमोदन के बाद लिस्ट जारी कर दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस ने कुछ सीटों पर नाम तय कर लिए हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट 8 या 9 सिंतबर को आ सकती है।
पूर्व सीएम रमन के गढ़ में चुनावी सभा
राजनांदगांव के ग्राम ठेकवा में 8 सिंतबर को होने वाले भरोसे का सम्मेलन में सीएम भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, स्पीकर डॉ. चरणदास महंत समेक दिग्गज कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्री अमरजीत भगत, सांसद बस्तर दीपक बैज, मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, गुरू रूद्र कुमार, डॉ. शिवकुमार डहरिया, कवासी लखमा, मोहन मरकाम, जयसिंह अग्रवाल, उमेश पटेल, अनिला भेडिय़ा, पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक राजनांदगांव डॉ. रमन सिंह, सांसद संसदीय क्षेत्र राजनांदगांव संतोष पाण्डेय, संसदीय सचिव व विधायक मोहला-मानपुर इन्द्रशाह मंडावी आदि मौजूद रहेंगे।
भारत जोड़ो पदयात्रा और भारत-जोड़ो सम्मेलन कल
दूसरी ओर कांग्रेस 7 सितम्बर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के पहली वर्षगांठ पर राष्ट्रव्यापी जिला स्तरीय भारतीय जोड़ो पदयात्रा और भारत जोड़ो सम्मेलन आयोजित करेगी। प्रदेश के समस्त जिला एवं ब्लाक मुख्यालयों में ये आयोजन होगा। सायं 5 से 6 बजे तक भारत-जोड़ो पदयात्रा निकलेगी। इस यात्रा का समापन भारत जोड़ो सम्मेलन (सार्वजनिक सभा) के रूप में होगी।
राजनांदगांव में ही खड़गे की सभा क्यों?
इससे पहले मल्लिकार्जुन खड़गे की जांजगीर जिले में आए थे। यहां पर भरोसे का सम्मेलन को संबोधित किए थे। यहां पर उनकी सभा अनुसूचित जाति वर्ग बहुल सीटों पर फोकस रखकर कराई गई थी। दूसरी ओर पूर्व सीएम रमन के गढ़ राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़ एससी सीट है। दूसरी सीटों पर भी एससी वर्ग का अच्छा-खासा प्रभाव है। इसी को ध्यान में रखकर कांग्रेस यहां पर उनकी सभा करवा रही है।