कोरबा में विवाह बंधन में बंधने के महज आठ महीने बाद ही नवविवाहिता 22 वर्षीय प्रीति जांगड़े की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति गौरव जांगड़े को गिरफ्तार किया है। कोरबा के चीप हाउस एसबीएस मानिकपुर कॉलोनी निवासी इस व्यक्ति की गिरफ्तारी घटना के एक पखवाड़े बाद पुलिस ने की है। पुलिस ने बताया कि मृतका को आत्महत्या के लिए उकसाने का काम ससुराल पक्ष के लोगों ने किया।
22 वर्षीय प्रीति जांगड़े की मौत असामान्य रूप से कोरबा के मानिकपुर स्थित चिप हाउस SBS कॉलोनी के आवास में हुई थी। वह बिलाईगढ़ की रहने वाली थी, जिसका विवाह डीजे कारोबार से जुड़े हुए गौरव से पिछले वर्ष हुआ था। जानकारी मिली थी कि विवाह के बाद से ही ससुराल में अनबन के हालात बने हुए थे और यहां पर प्रताड़ना का सिलसिला भी कायम था। प्रीति ने इस बारे में अलग-अलग माध्यम से अपने परिजनों को जानकारी दी थी। घटना दिवस को फांसी के फंदे पर उसका शव लटका हुआ मिला इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने नव विवाहता की मौत पर कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा और डॉक्टर के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। आगे की जांच प्रक्रिया के बाद मृतका के पति गौरव को आईपीसी की धारा 306 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।
नवविवाहिता के मायके वालों ने मौत को लेकर संदेह जताया था और तमाम आरोप लगाए थे उसके पिता ने आरोप लगाया था की शादी के बाद से ही उसकी बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिए थे इस बात की जानकारी उसके बेटी ने फोन कर खुद दी थी।
मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले एक नवविवाहिता का खुदकुशी का मामला सामने आया था जहां उसकी लाश उसके ही घर के बाथरूम में मिली थी जांच उपरांत मामला दर्ज किया गया था जहां उसके पति को गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया गया जहां जेल दाखिल कर दिया गया है।