इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लगने के बाद निकलती लपटें।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक इलेक्ट्रॉनिक शॉप में शुक्रवार देर रात आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि दमकलकर्मियों को उस पर काबू पाने में सात घंटे लग गए। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से शनिवार सुबह करीब नौ बजे आग बुझाई जा सकी। हादसे के चलते करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। शार्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि आग की चपेट में आसपास की दुकानें नहीं आईं। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सुतर्रा में विजय अग्रवाल की बसंल ट्रेडर्स नाम से इलेक्ट्रॉनिक शॉप है। रात करीब दो बजे दुकान से धुआं निकलता देख किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद डायल-112 की टीम के साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंच गईं। दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दुकान का शटर तोड़कर किसी तरह दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सात घंटे बीत चुके थे। आग के चलते दुकान में रखा सामान खाक हो गया था।
दुकान संचालक विजय अग्रवाल ने बताया कि वह कटघोरा में ही रहते हैं। रोज की तरह शुक्रवार रात भी दुकान बंद करके वह घर आ गए थे। इसी बीच रात करीब दो बजे फोन पर जानकारी मिली कि दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचा तो आग की लपटे देखे फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस पर नगर निगम, एनटीपीसी, बालको और सीआईएफ समेत पांच दमकल वाहन मौके पर पहुंच ग। आग से दुकान में रखा सारा सामान खाक हो गया। नुकसान का अनुमान अभी तक नहीं किय जा सका है।