मतदान का बहिष्कार करेंगे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंआ के आश्रित ग्राम करही के ग्रामीण इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने वाले हैं। दरअसल, यहां के लोग बीते पांच साल से गांव में विकास कार्य नहीं होने से नाराज है। इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीण गोवर्धन, शिवसिंह, प्रकाश ने बताया कि उनके गांव में बीते पांच साल से पूर्व माध्यमिक स्कूल भवन नहीं है।
जबकि गांव के करीब 50 से अधिक बच्चे कक्षा छह से आठ तक तक की पढ़ाई करते है। भवन नहीं होने के कारण बीते पांच साल से प्राथमिक शाला भवन में एक पाली में पूर्व माध्यमिक शाला का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा गांव तक पहुंच मार्ग भी काफी खराब है। इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर समेत अन्य अफसरों को जानकारी दी गई लेकिन मांगों को लेकर ध्यान नहीं दिया गया। अब ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि रोड़ और स्कूल भवन का निर्माण नहीं किया जाएगा तो एक भी वोटर चुनाव के दौरान वोट नहीं डालेंगे।
मतदाता जागरूकता अभियान जारी
कबीरधाम जिले में शत- प्रतिशत मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर से मतदाता द्वारा मांग पूरी नहीं होने पर चुनाव का बहिष्कार करने के लिए चेतवानी दी जा रही है। जानकारी के अनुसार अब तक जिला प्रशासन के पास ऐसे तीन आवेदन भी आ चुके हैं।