सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर दिया ज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ वन विभाग के कर्मचारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। इसे लेकर सोमवार को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन देने के दौरान कबीरधाम जिले के रेंगाखार, सहसपुर लोहारा, पंडरिया पूर्व, पंडरिया पश्चिम , बोड़ला ,तरेगांव, कवर्धा ,चिल्फी ,भोरमदेव अभ्यारण, समेत जिले के वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष परसराम चंद्राकर ने बताया कि यह हड़ताल चार सूत्रीय मांगों को लेकर किया जाएगा। पहले चरण में सोमवार को ज्ञापन दिया गया है। 25 जनवरी तक मांग पूरा नहीं होता तो एक फरवरी से कबीरधाम जिले समेत पूरे प्रदेश के वन कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हमारी मांग लघु वनों पर संघ द्वारा उप वनक्षेत्रपाल के 180 पद के विरुद्ध संविदा भर्ती की प्रक्रिया को रोकने व पूर्ववत पदोन्नत उप वनक्षेत्रपालों की सेवा लघु वनोपज संघ में यथावत रखने की है।
वन विभाग के कर्मचारी 24 घंटे अपने कर्तव्य का पालन करते है, इसलिए वन विभाग के वनरक्षकों को 2400 रुपये, वनपाल को 2800रुपये, उप वनक्षेत्रपाल को 4200 रुपये का नया ग्रेड-पे स्वीकृत किया जाए। वन विभाग का विभागीय सेटअप विगत पृथक छत्तीसगढ राज्य बनने के बाद से पुनरीक्षित नहीं किया गया है। जिससे कार्य क्षेत्र एवं कर्मचारियों की संख्या में बहुत ज्यादा असंतुलन है। जिससे वन एवं वन्यप्राणी की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। पुनरीक्षित विभागीय सेटअप तत्काल लागू किया जाए समेत अन्य मांग शामिल है।