कुत्ते के काटने से महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
सुकमा जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र के ग्राम कोरापाट में आदिवासियों के द्वारा कराए जाने वाले इलाज ने एक महिला की जान ले ली। महिला को करीब माह भर पहले कुत्ते ने काटा था, लेकिन महिला उपचार कराने के लिए अस्पताल ना जाकर गाँव मे ही आदिवासियों के द्वारा किये जाने वाले उपचार को करा रही थी। मंगलवार को महिला की खराब हालत को देखकर उसे बेहतर उपचार के लिए मेकाज लाया गया, लेकिन आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला के शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया।
परिजनों ने बताया कि कोरापाट निवासी मांडवी गंगे पति पोज्जा 47 वर्ष करीब एक माह पहले अपने घर के आंगन में बैठी हुई थी कि उसी समय एक कुत्ते ने आकर पैर में काट लिया। महिला के पैर से खून निकलता देख परिजनों ने उसे अस्पताल चलने की बात कही, लेकिन महिला अस्पताल ना जाकर गाँव मे ही होने वाले आदिवासी इलाज कराने की बात कही। करीब कई दिनों तक महिला ने अपना उपचार आदिवासी जड़ी बूटियों से कराई, लेकिन कुत्ते का जहर धीरे धीरे महिला के शरीर में फैलने लगा और महिला की अचानक से स्वास्थ्य खराब होने से उसे सुकमा अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी खराब हालत को देखते हुए मेकाज लाया गया, रास्ते मे ही महिला की मौत हो गई, डॉक्टरों ने शव को पीएम के लिए भिजवा दिया।