उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मवेशियों को रौंद दिया। हादसे में करीब नौ मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई है। ग्रामीणों ने जब खून से सनी सड़क और मवेशियों के बिछी लाश का मंजर देखा तो वे आग बबूला हो गए। घटनास्थल से मवेशियों के शवों को उठाकर ग्रामीणों ने सड़क के किनारे किया। घटना से मवेशी मालिक और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार उरगा थाना क्षेत्र के कनकी तरदा मुख्य मार्ग में देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार भारी वाहन ने मवेशियों को रौंद दिया। हादसे में करीब नौ मवेशियों की मौत हो गई। मवेशियों की मौत के बाद मवेशी मालिक और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने फौरन गांव में बैठक बुलाई। बैठक कर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर लगाम लगाने और चक्का जाम करने का निर्णय लिया है. साथ ही मवेशियों की मौत को लेकर उरगा थाना पुलिस को ज्ञापन देंगे.
ग्रामीण सेवाग्राम ने बताया कि काफी लंबे समय से इस मार्ग पर मवेशियों की मौत हो रही है। बिलासपुर बाईपास मार्ग होने के कारण इस पर वाहनों का काफी दबाव है। आये दिन वाहन की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो रही है। भारी वाहनों की रफ्तार पर के कारण हादसा हो रहा है। इस रोड पर गांव के पास आबादी वाले बस्ती में मुख्य मार्ग पर ब्रेकर बनाया जाए और आवारा मवेशियों के गले मे रेडियम पट्टा बांधा जाए, ताकि दूर से नजर आ सके।