छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फैशन डिजाइनिंग की एक स्टूडेंट से नौकरी के नाम पर ठगी हो गई। शातिर ठग ने कॉल कर खुद को प्लेसमेंट एजेंसी का कार्मचारी बताया और रिज्यूमे सिलेक्ट होने की बात कहकर किश्तों में एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद ठग का मोबाइल बंद हो गया। इस पर स्टूडेंट शनिवार को थाने पहुंची और FIR दर्ज कराई। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कृषक नगर कॉलोनी में रहने वाली अंजलि शर्मा फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही है। उसके मोबाइल पर 3 नवंबर की दोपहर 12 बजे कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को नौकरी डाट कॉम से बोलना बताया और कहा कि उसका रिज्यूमे सिलेक्ट हो गया है। आपकी जॉब अर्मानी कंपनी में लग जाएगी। मैं कुछ समय में आज ही आपका इंटरव्यू करवाऊंगा।
इसके बाद ठग ने रजिस्ट्रेशन के लिए 2500 रुपये जमा करने को कहा। उसकी बातों में आकर अंजलि ने फोन-पे के जरिए रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अलग-अलग कामों के बारे में बताकर दोपहर 3 बजे तक अंजलि से एक लाख रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करा लिए। ठग ने लड़की से ये भी कहा कि आपका खाता ब्लॉक हो गया है। उसे सुधरवाना भी पड़ेगा। उसके लिए भी पैसे चाहिए।
पूरा दिन बीतने के बाद भी अंजलि के पास इंटरव्यू के लिए कॉल नहीं आया। इसके बाद अगले दिन भी अंजलि ने उसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बार-बार कोशिश के बावजूद बात नहीं हो सकी। फिर ठग का नंबर बंद हो गया। इसके बाद अंजलि थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।