छत्तीसगढ़ के रायपुर में चार लड़कों ने 16 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। छात्र सोमवार को स्कूल में कक्षा 10 की कंपार्टमेंट परीक्षा देने गया था। स्कूल में ही 11वीं कक्षा के छात्रों से उसकी कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है।
खमतराय पुलिस थाने के हाउस ऑफिसर सोनल ग्वाला ने बताया कि नाबालिग की हत्या की घटना को भानपुरी इलाके के सरकारी स्कूल में अंजाम दिया गया। मोहन सिंह राजपूत कंपार्टमेंट परीक्षा देने के लिए स्कूल गया था। यहां 11वीं कक्षा के छात्रों से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि चार छात्रों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान उसको गंभीर चोटें आ गई और बेहोश हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उपचार के लिए घायल को डॉ. बीआर अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक नहीं जानता था आरोपित छात्रों को
घटना के समय मौके पर एक अन्य छात्र मौजूद था। छात्र का कहना है कि मारपीट करने वाले लड़कों को मोहन नहीं जानता था। चार लड़के उनके पास आए और मोहन से अंग्रेजी में कुछ पूछा था। जवाब दिए बगैर मोहन जाने लगे तो वो उलझ गए। उसके बाद चारों ने मोहन के साथ मारपीट करनी शुरु कर दी। मोहन के साथ मारपीट करते हुए स्कूल से बाहर ले गए। खून बहने के बाद बेहोश हुए मोहन को देखकर चारों भाग खड़े हुए।