छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवतियों ने छत्तीसगढ़ी फिल्मों में स्पॉट ब्वॉय का काम करने वाले एक युवक की पिटाई कर दी। इस पिटाई का विडियो भी वायरल हो रहा है। दरअसल, युवक ने फिल्म में काम दिलाने के बहाने एक लड़की से उनका नंबर लिया था। जिसके बाद उसने एक लड़की को फोन करके छेड़खानी करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसने फोन पर उससे शादी करने का प्रस्ताव भी कर दिया। इसके बाद लड़की ने अपनी सहेली के साथ योजना बनाकर कोनी थाना क्षेत्र में युवक को मिलने के बहाने बुलाया, जहां दोनों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के मुताबिक, युवक जिले के तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान का रहने वाला है। वह छत्तीसगढ़ी फिल्मों में स्पॉट बॉय का काम करता है। युवक ने फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर युवतियों से उनका नंबर मांग लिया था। नंबर मिलने के बाद उसने फोन करके युवतियों को परेशान करना शुरू कर दिया। एक दिन उसने शादी करने का प्रस्ताव भी रख दिया। युवती ने फोन करने से मना किया जिसके बाद भी वह नहीं माना। जिसके बाद परेशान होकर युवती ने अपनी अभिनेत्री सहेली की बेटी को इस बात की जानकारी दी। युवती की अभिनेत्री सहेली डिप्टी कलेक्टर की बेटी बताई जा रही है। इसके बाद दोनों ने स्पॉट ब्वॉय को मिलने के बहाने कोनी थाना क्षेत्र के बिलासा ताल के पास बुलाया और वहां उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। वहीं, इस दौरान किसी ने युवक की पिटाई का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
इस घटना के वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि अभिनेत्री युवती चप्पल मारते हुए कह रही है कि युवक उसके चप्पल के लायक भी नहीं है और उससे शादी करने की बात कह रहा है। वहीं, युवक की चप्पलों से पिटाई होते देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने कारण जानने के बाद उसे पुलिस को देने की बात कही, हालांकि, पिटाई करने के बाद युवतियों ने उसे छोड़ दिया।